अयोध्या में मोईद, कन्नौज में नवाब: अब अखिलेश-डिंपल यादव का करीबी गिरफ्तार, नाबालिग को नौकरी के लिए बुलाया… कपड़े उतार रेप की कोशिश

नवाब सिंह ने पीड़िता के कपड़े उतार दिए और छेड़खानी करने लगा। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो मामले की जानकारी बाहर खड़ी उनकी बुआ को हो गई।

नवाब सिंह यादव, मोईद खान, अयोध्या,उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में समाजवादी पार्टी के एक नेता पर नाबालिग लड़की से रेप की कोशिश का आरोप लगा है। पीड़िता अपनी बुआ के साथ सपा नेता नवाब सिंह यादव के डिग्री कॉलेज में नौकरी माँगने गई थी। यहाँ पर नवाब सिंह यादव ने पीड़िता से छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े तक उतरवा डाले। पीड़िता की बुआ ने फोन कर पुलिस को बुलाया। अखिलेश यादव के करीबी बताए जा रहे आरोपित पर FIR दर्ज कर के गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना रविवार (11 अगस्त।, 2024) की है।

घटना कन्नौज के कोतवाली नगर की है। यहाँ के गाँव अडंगापुर में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव का चौधरी चंदन सिंह महाविद्यालय है।

यहाँ नवाब सिंह ने पीड़िता के कपड़े उतार दिए और छेड़खानी करने लगा। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो मामले की जानकारी बाहर खड़ी उनकी बुआ को हो गई। उन्होंने फ़ौरन डायल 112 पर कॉल कर के पुलिस बुला ली। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि उस समय पीड़िता आपत्तिजनक हालात में थी। आरोपित के साथ पीड़िता व उसकी बुआ को कोतवाली सदर लाया गया। यहाँ पीड़िता द्वारा तहरीर ली गई जिस पर नवाब सिंह यादव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया।

आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण के साथ काउंसिलिंग भी करवाई जा रही है। गिरफ्तार किया गया सपा नेता अखिलेश यादव का बेहद करीबी बताया जा रहा है। उसकी कई तस्वीरें अखिलेश और डिम्पल यादव के अलावा कई बड़े सपा नेताओं के साथ वायरल हो रहीं हैं। अपनी सफाई में नवाब सिंह यादव ने खुद पर लगे आरोपों को राजनैतिक साजिश करार दिया है। नवाब सिंह यादव की गिरफ्तारी की सूचना पाते ही उनके कई समर्थक थाने पर जुटने शुरू हो गए। इन समर्थकों में अधिकतर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। इन्होंने आरोपित के समर्थन में नारेबाजी भी की।