Skip to content
  • Wednesday, September 23, 2026
Tahalka Express

Tahalka Express

  • Home
  • उत्तर प्रदेश
  • राजनीती
  • देश
  • विदेश
  • राज्य
  • खेल
  • मनोरंजन
  • स्पेशल कवरेज
  • हमारे कॉलमिस्ट
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES कही-अनकही सचकही दिल्ली देश मुख्य मुख्य समाचार स्पेशल स्पेशल कवरेज हमारा इतिहास हमारे कॉलमिस्ट

शूर्पणखा… एक घटना तक सिमटकर रह गया रामायण का यह किरदार

August 9, 2026
Team Tahalka

अलग-अलग ग्रंथों में शूर्पणखा का अलग-अलग जिक्र है. (Photo: AI)शूर्पणखा… यह नाम सुनते ही जेहन में सबसे पहले रामानंद सागर की रामायण का वह चर्चित दृश्य उभर आता है, जब क्रोध से तमतमाए लक्ष्मण एक ही वार में शूर्पणखा की नाक काट देते हैं. सदियों से हमारी स्मृतियों में शूर्पणखा की पहचान मानो इसी एक घटना तक सिमटकर रह गई है. हमने शूर्पणखा को एक ऐसी स्त्री के रूप में याद रखा, जिसकी कथा सिर्फ उसकी कटी हुई नाक से शुरू होकर वहीं खत्म हो जाती है.

लेकिन क्या शूर्पणखा की पूरी कहानी वास्तव में इतनी ही थी? क्या उनका व्यक्तित्व केवल एक खलनायिका या उपहास का पात्र भर था? इतिहास, लोककथाओं और रामायण की विभिन्न व्याख्याओं के बीच उनकी कहानी के कई ऐसे पहलू दब गए, जिन पर शायद ही कभी गंभीरता से बात हुई हो. नतीजा यह हुआ कि शूर्पणखा के जीवन का एक बड़ा हिस्सा हमारी सामूहिक स्मृति से लगभग गायब हो गया.

विभिन्न ग्रंथों और परंपराओं में शूर्पणखा का चित्रण अलग-अलग दृष्टिकोणों से मिलता है. उनका सबसे प्राचीन और मूल वर्णन वाल्मीकि रामायण में मिलता है, जबकि रामचरितमानस और बाद के कई पुराणों में उनके चरित्र की नैतिक और धार्मिक दृष्टि से अधिक व्याख्या हुई है.

वाल्मीकि रामायण के अनुसार, शूर्पणखा महर्षि विश्रवा और राक्षसी कुल की राजकुमारी कैकसी की सबसे छोटी संतान थीं. लोक परंपराओं में माना जाता है कि जन्म के समय उनका नाम मीनाक्षी या सुपर्णिका था, जो बाद में शूर्पणखा के नाम से जाना गया. कुछ ग्रंथों में उन्हें चंद्रनखा के नाम से भी संबोधित किया गया है. वह रावण, कुंभकर्ण और विभीषण की बहन थीं. इस दृष्टि से वह लंका के राजवंश की एक प्रभावशाली स्त्री थी.

शूर्पणखा का विवाह कालकेय दानव कुल के विद्युत्जिह्व से हुआ था, जिन्हें कुछ परंपराओं में दुष्टबुद्धि भी कहा गया है. कई कथाओं के अनुसार, यह विवाह शूर्पणखा ने अपनी इच्छा से किया था. विद्युत्जिह्व एक प्रभावशाली योद्धा था, लेकिन बाद में उस पर रावण के खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगा. जब रावण को इसकी भनक लगी, तो उसने उसका वध करवा दिया. पति की मृत्यु के बाद शूर्पणखा का जीवन पूरी तरह बदल गया. कहा जाता है कि इसके बाद उन्होंने लंका छोड़ दी और अपना अधिकांश समय दंडकारण्य के घने वनों में बिताने लगीं. यहीं से उनके जीवन का वह अध्याय शुरू होता है, जिसने आगे चलकर रामायण की पूरी कथा की दिशा बदल दी.

शूर्पणखा का सबसे प्राचीन और प्रामाणिक वर्णन वाल्मीकि रामायण के अरण्यकाण्ड में मिलता है. वाल्मीकि उन्हें ऐसी राक्षसी बताते हैं, जो इच्छानुसार अपना रूप बदल सकती थी. पंचवटी में जब उसकी नजर राम पर पड़ती है, तो वह उनके तेज, सौंदर्य और व्यक्तित्व से मोहित होकर सीधे विवाह का प्रस्ताव रख देती है. राम मुस्कुराते हुए कहते हैं कि वे विवाहित हैं और अपनी पत्नी सीता के प्रति समर्पित हैं. फिर वे उसे हांस्यपूर्ण ढंग से लक्ष्मण के पास भेज देते हैं. लक्ष्मण भी हंसी-ठिठोली करते हुए कहते हैं कि वे तो अपने बड़े भाई के सेवक हैं इसलिए उसे राम को ही पति बनाना चाहिए. दोनों भाइयों और शूर्पणखा के बीच यह संवाद हास्य और व्यंग्य से भरा हुआ है.

लेकिन यह प्रसंग तब निर्णायक मोड़ लेता है, जब अपमान और क्रोध से भरकर शूर्पणखा, सीता पर हमला करने का प्रयास करती है. तब राम के आदेश पर लक्ष्मण एक ही वार में उसकी नाक काट देते हैं. यही वह घटना थी जिसने आगे चलकर पूरे रामायण की दिशा बदल दी.

अपमानित शूर्पणखा सबसे पहले खर और दूषण के पास पहुंचती है और उन्हें राम के खिलाफ युद्ध के लिए उकसाती है. दोनों के मारे जाने के बाद वह लंका जाकर रावण के सामने अपने अपमान का वर्णन करती है. साथ ही वह सीता के अनुपम सौंदर्य का ऐसा बखान करती है कि रावण उन्हें हर हाल में हासिल करने का निश्चय कर लेता है. अनेक विद्वानों का मानना है कि अगर शूर्पणखा, रावण को सीता के बारे में ना बताती, तो संभव है कि सीताहरण ना होता और लंका का महायुद्ध भी कभी ना होता. इस दृष्टि से वह रामायण की सबसे निर्णायक घटनाओं की प्रमुख सूत्रधार बन जाती है.

अलग-अलग ग्रंथों में अलग शूर्पणखा

रामचरितमानस में तुलसीदास ने शूर्पणखा के चरित्र को संक्षिप्त और धार्मिक दृष्टि से पेश किया है. वहां वह काम, मोह और अधर्म का प्रतीक बनकर सामने आती है. तुलसीदास का उद्देश्य उसके मनोविज्ञान की पड़ताल करना नहीं था, बल्कि यह संदेश देना था कि वासना, अहंकार और क्रोध विनाश का कारण बनते हैं इसलिए रामचरितमानस में उसकी भूमिका एक नैतिक शिक्षा देने वाले किरदार की अधिक है.

दूसरी ओर, आधुनिक इतिहासकार और नारीवादी चिंतक शूर्पणखा को बिल्कुल अलग दृष्टि से देखते हैं. उनके अनुसार वह रामायण की उन विरल स्त्रियों में से एक थी जिसने बिना किसी झिझक के अपनी इच्छा व्यक्त की और स्वयं विवाह का प्रस्ताव रखा. उसका प्रस्ताव अस्वीकार किया जाना एक अलग बात थी, लेकिन उसकी इच्छा को अपराध मानना उचित नहीं कहा जा सकता. इस दृष्टिकोण में शूर्पणखा केवल राक्षसी नहीं, बल्कि एक ऐसी स्त्री है जिसकी अस्वीकृति, अपमान और प्रतिशोध की भावना ने इतिहास की धारा बदल दी.

आधुनिक नारीवादी विद्वान शूर्पणखा को विक्टिम के तौर पर भी देखते हैं. उनका तर्क है कि अगर राम और लक्ष्मण उसे शांतिपूर्वक समझाकर लौटा देते, तो संभव है कि आगे की त्रासदी टल जाती. उनके अनुसार, किसी स्त्री के प्रेम प्रस्ताव के उत्तर में उसकी नाक काट देना उस युग के आदर्श क्षत्रिय आचरण के अनुरूप नहीं माना जा सकता.

कुछ विद्वान यह भी कहते हैं कि शूर्पणखा अपने प्रभावशाली भाई रावण की छाया में जीवन भर जीती रही. उसके व्यक्तिगत निर्णय भी पूरी तरह उसके अपने नहीं थे. लोक परंपराओं के अनुसार जब उसने विद्युज्जिह्व से विवाह करना चाहा, तब रावण ने इसका विरोध किया. बाद में किन्हीं कारणों से उसी ने उसके पति की हत्या भी कर दी. हालांकि ये विवरण वाल्मीकि रामायण में विस्तार से नहीं मिलते और इन्हें बाद की परंपराओं का हिस्सा माना जाता है.

शूर्पणखा के स्वरूप को लेकर भी अलग-अलग परंपराओं में मतभेद है. वाल्मीकि रामायण में उसका वर्णन भयावह मुख वाली, बड़े स्तनों, निकले हुए पेट, भूरे बालों और कर्कश आवाज वाली राक्षसी के रूप में मिलता है. वहीं, तमिल महाकवि कंबन की कंब रामायण में वह अत्यंत सुंदर स्त्री है, जिसके लंबे काले बाल, मछली जैसी बड़ी आंखें और रूप बदलने की अद्भुत शक्ति है. कुछ लोककथाएं इसी कारण उसका नाम मीनाक्षी भी बताती हैं.

बाद के कई पुराणों और लोककथाओं में शूर्पणखा की कथा आगे भी बढ़ती है. ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार, उसने पुष्कर में भगवान ब्रह्मा की कठोर तपस्या कर अगले जन्म में राम को पति रूप में पाने का वर मांगा था. कहा जाता है कि अगले जन्म में उसका जन्म मथुरा की कुब्जा के रूप में हुआ, जिसका उद्धार भगवान कृष्ण ने किया था.

लेखक देवदत्त पटनायक अपनी पुस्तक Sita: An Illustrated Retelling of the Ramayana में उल्लेख करते हैं कि युद्ध समाप्त होने के वर्षों बाद जब सीता वाल्मीकि आश्रम में वनवासी के तौर पर जीवन बिता रही होती हैं, तब उनकी मुलाकात शूर्पणखा से होती है. शूर्पणखा व्यंग्य करते हुए कहती है कि जिस प्रकार राम ने उसे अस्वीकार किया था, उसी तरह अब सीता भी त्याग दी गई हैं लेकिन सीता कटुता का उत्तर करुणा से देते हुए कहती है कि प्रतिशोध मनुष्य को भीतर से कैद कर देता है और शांति तभी मिलती है, जब व्यक्ति अतीत की पीड़ा को छोड़ देता है. इस संवाद के बाद शूर्पणखा अपने भीतर वर्षों से पल रहे क्रोध और घृणा को त्यागने का निर्णय लेती है. 

शूर्पणखा को केंद्र में रखकर लेखिका कविता काणे ने अपने उपन्यास ‘लंका की राजकुमारी’ में उसकी कहानी को एक अलग नजरिए से पेश किया है. यह उपन्यास शूर्पणखा को सिर्फ उस राक्षसी के रूप में देखने के बजाय, जिसके नाक-कान काटे जाने की घटना रामायण की कथा में बेहद चर्चित है, उसके जीवन, रिश्तों, महत्वाकांक्षाओं और भावनात्मक संघर्षों को सामने लाने की कोशिश करता है. काणे ने उसके किरदार को मानवीय भावनाओं और परिस्थितियों के साथ गढ़ा है और उसे नए दृष्टिकोण से देखने की कोशिश की है.

शूर्पणखा को केवल एक राक्षसी या केवल एक पीड़िता मान लेना दोनों ही उसके चरित्र के साथ न्याय नहीं करते. उसमें इच्छा थी, अहंकार था, प्रेम था, क्रोध था, अपमान था और प्रतिशोध भी. उसने ऐसे निर्णय लिए जिन्होंने असंख्य लोगों के जीवन की दिशा बदल दी, लेकिन वह स्वयं भी परिस्थितियों और अपने समय की जटिलताओं का हिस्सा थी.

शायद यही कारण है कि आज शूर्पणखा पर बहस पहले से कहीं अधिक होती है. इतिहास ने उसे पूरी तरह भुलाया नहीं, लेकिन लोकस्मृति ने उसके पूरे जीवन को केवल एक घटना तक सीमित कर दिया.

Post navigation

पेपर लीक के बाद अब E20 के खिलाफ बड़ा आंदोलन! 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी में टैक्सी यूनियन
विभूति खंड रेलवे क्रॉसिंग के नीचे अवैध कब्जों, जुए और शराबियों के जमावड़े से स्थानीय लोग परेशान, कार्रवाई की मांग

Latest News

Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES उत्तर प्रदेश मुख्य मुख्य समाचार लखनऊ

अवध बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए कीर्ति श्रीवास्तव ने पेश की दावेदारी

August 18, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES दिल्ली देश मुख्य मुख्य समाचार

अब राष्ट्रगीत का अपमान करने पर होगी तीन साल तक की जेल

August 11, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES उत्तर प्रदेश मुख्य मुख्य समाचार लखनऊ

विभूति खंड रेलवे क्रॉसिंग के नीचे अवैध कब्जों, जुए और शराबियों के जमावड़े से स्थानीय लोग परेशान, कार्रवाई की मांग

August 10, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES कही-अनकही सचकही दिल्ली देश मुख्य मुख्य समाचार स्पेशल स्पेशल कवरेज हमारा इतिहास हमारे कॉलमिस्ट

शूर्पणखा… एक घटना तक सिमटकर रह गया रामायण का यह किरदार

August 9, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES दिल्ली देश मुख्य समाचार

पेपर लीक के बाद अब E20 के खिलाफ बड़ा आंदोलन! 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी में टैक्सी यूनियन

July 26, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES दिल्ली देश मुख्य मुख्य समाचार

धर्मेंद्र प्रधान का इस्‍तीफा… ये मोदी सरकार का सरेंडर है या स्ट्रैटेजी?

July 26, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES दिल्ली देश

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, जानें इनसाइड स्टोरी

July 25, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES उत्तर प्रदेश मुख्य मुख्य समाचार लखनऊ

‘योगी की पाती’ में सीएम योगी का युवाओं को संदेश,कहा- खेलों को बनाएँ जीवन का हिस्सा: खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं, प्रशिक्षण और सरकारी नौकरी पर जोर

July 6, 2026
Team Tahalka

You may Missed

Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES उत्तर प्रदेश मुख्य मुख्य समाचार लखनऊ

अवध बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए कीर्ति श्रीवास्तव ने पेश की दावेदारी

August 18, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES दिल्ली देश मुख्य मुख्य समाचार

अब राष्ट्रगीत का अपमान करने पर होगी तीन साल तक की जेल

August 11, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES उत्तर प्रदेश मुख्य मुख्य समाचार लखनऊ

विभूति खंड रेलवे क्रॉसिंग के नीचे अवैध कब्जों, जुए और शराबियों के जमावड़े से स्थानीय लोग परेशान, कार्रवाई की मांग

August 10, 2026
Team Tahalka
Facebook Featured Latest Main Slide MORE RECENT NEWS & ARTICLES कही-अनकही सचकही दिल्ली देश मुख्य मुख्य समाचार स्पेशल स्पेशल कवरेज हमारा इतिहास हमारे कॉलमिस्ट

शूर्पणखा… एक घटना तक सिमटकर रह गया रामायण का यह किरदार

August 9, 2026
Team Tahalka
Copyright © 2026 Tahalka Express
Theme by: Theme Horse
Proudly Powered by: WordPress