विभूति खंड रेलवे क्रॉसिंग के नीचे अवैध कब्जों, जुए और शराबियों के जमावड़े से स्थानीय लोग परेशान, कार्रवाई की मांग

लखनऊ। गोमती नगर के विभूति खंड रेलवे क्रॉसिंग पुल के नीचे कथित रूप से अवैध कब्जों और असामाजिक गतिविधियों के कारण स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र के निवासियों का आरोप है कि यहां बिना अनुमति के सब्जी की दुकानें लगाई जाती हैं तथा खुलेआम मांस की बिक्री और कटान भी होता है।

विभूति खंड रेलवे क्रॉसिंग के नीचे अवैध कब्जों, जुए और शराबियों के जमावड़े से स्थानीय लोग परेशान, कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि रेलवे क्रॉसिंग के आसपास जुए का अड्डा संचालित होता है। उनका आरोप है कि कुछ शरारती तत्व ट्रेनों के गुजरने के दौरान पथराव करते हैं, जिससे पहले भी यात्रियों के चोटिल होने की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इलाके में रहने वाले लोगों की माने तो पुल के नीचे अक्सर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। वे सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के बाद आपस में विवाद और मारपीट करते हैं। लोगों का कहना है कि 8 अगस्त को यहां कथित रूप से चाकूबाजी की घटना भी हुई, जिसके बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जीआरपी और आरपीएफ के जवान समय-समय पर वहां मौजूद लोगों को हटाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर से वही स्थिति बन जाती है। उनका यह भी कहना है कि पास में स्थित शराब की दुकान के कारण शराब आसानी से उपलब्ध हो जाती है, जिससे असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।

लोगों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि रेलवे क्रॉसिंग के आसपास से अवैध कब्जों को हटाया जाए, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा नियमित निगरानी बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और आम लोगों तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।