भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आज जो सदन में हुआ, वह देखने के बाद देश कांग्रेस को धिक्कारेगा। पीएम मोदी का भाषण था। जब पांच बजा तो ठीक उसी समय महिलाओं को आगे करके पीएम मोदी की चेयर तक उन्होंने घेर लिया।
लोकसभा में बुधवार को होने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण टल गया। पीएम मोदी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देना था। भाजपा का आरोप है कि विपक्ष की महिला सांसदों ने पीएम मोदी की कुर्सी को घेर लिया, जिससे वे वहां नहीं आ पाए और भाषण टालना पड़ा। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दावा किया कि विपक्ष की महिला सांसदों ने पीएम मोदी की चेयर को घेर लिया और उससे भी आगे तक बढ़ गईं। उन्होंने कहा कि वे बहुत गुस्से में हमला करने की नीयत से आई थीं।
बजट सत्र के शुरुआत से ही सदन में भारी हंगामा देखने को मिला है। नेता विपक्ष राहुल गांधी पूर्व आर्मी चीफ नरवणे की भारत-चीन सीमा विवाद पर लिखी गई अप्रकाशित किताब का कोट करना चाहते थे, जिसकी इजाजत नहीं दी गई। इस पर बवाल बढ़ा और संसद की कार्यवाही को कई बार स्थगित करना पड़ा। इसके बाद बुधवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी कुछ किताबों का जिक्र करते हुए गांधी-नेहरू परिवार पर टिप्पणियां कीं, जिससे हंगामा बढ़ गया। कांग्रेस की महिला सांसदों जिसमें वर्षा गायकवाड़ समेत अन्य नाम शामिल हैं, निशिकांत दुबे से जवाब मांगने के लिए आगे बढ़ीं और पोस्टर दिखाते हुए जमकर निशाना साधा। भाजपा का आरोप है कि इस दौरान महिला सांसदों ने पीएम मोदी की कुर्सी घेर ली, जिसकी वजह से वे अपने भाषण को देने के लिए नहीं आ सके।
‘पीएम मोदी संसद में नहीं आएंगे क्योंकि…’
वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज संसद में नहीं आए क्योंकि वह डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते हैं। राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण की एक प्रति लेकर संसद पहुंचे थे और कहा था कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में आते हैं तो वह यह पुस्तक उन्हें भेंट करेंगे। लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित होने के बाद उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”जैसा मैंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी संसद में नहीं आएंगे क्योंकि वह डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते।”